पीएम सूर्य घर योजना के लंबित आवेदन तीन दिन में निस्तारित करने के निर्देश

An image for the post

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बैंक एवं विद्युत विभाग में लंबित आवेदनों को तीन दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, यूपीनेडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के पंजीकृत वेंडर उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश अधीक्षण अभियंता को दिए। उन्होंने योजना के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी ने बताया कि सितंबर 2026 से गाजीपुर में योजना के मासिक लक्ष्य में 66 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने योजना के प्रचार-प्रसार के साथ वाराणसी में प्रस्तावित UTTAR PRADESH ENERGY EXPO (UPEX) 2026 के वाराणसी संस्करण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्रतिनिधियों ने योजना की आगे की रणनीति पर आधारित एक संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की।