गाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कृषि विभाग के सभागार में ‘विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कृषि अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 महिलाओं को कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और आधुनिक खेती के बारे में जानकारी देकर प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी आजीविका को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर कृषि निवेश केंद्र जमानियां में पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने करीब 60 किसानों को चना और सरसों के मिनी किट निःशुल्क वितरित किए। इस पहल से छोटे एवं मध्यम किसानों को दलहन और तिलहन की खेती के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, खेती के माध्यम से उनकी आय और आजीविका में सुधार की उम्मीद है।
महिला किसान दिवस पर 200 महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण, 60 किसानों को बांटे चना-सरसों के मिनी किट
