नायकडीह बाजार जलमग्न, सैकड़ों दुकानदारों का कारोबार ठप; सड़क पर उतरे व्यापारी

An image for the post

गाजीपुर। जखनियां तहसील के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र स्थित नायकडीह बाजार में करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर जलभराव से नाराज सैकड़ों व्यापारियों का मंगलवार को सब्र टूट गया। सड़क पर पानी भरने से पूरा बाजार तालाब में तब्दील हो गया है। कारोबार प्रभावित होने से परेशान दुकानदारों ने पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।

व्यापारियों का कहना है कि नायकडीह बाजार में जलभराव और सड़क की बदहाली की समस्या पिछले करीब दो वर्षों से बनी हुई है। पानी जमा रहने के कारण ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं, जिससे दुकानदारों की बिक्री लगभग ठप हो गई है। व्यापारियों के मुताबिक लगातार समस्या झेलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पानी में खड़े होकर किया प्रदर्शन…

मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क किनारे एकत्र हुए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों ने सड़क पर जमा पानी में खड़े होकर अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।

दुकानदारों ने बताया कि जिलाधिकारी गाजीपुर और जखनियां विधायक बेदी राम को भी समस्या की जानकारी दी गई थी। व्यापारियों का आरोप है कि मामले को पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के बीच का विषय बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया। व्यापारियों के अनुसार उन्हें प्रदर्शन करने की बात कही गई, जिसके बाद मंगलवार को उन्होंने सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू किया।

यात्रियों और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी…

नायकडीह में रेलवे स्टेशन हाल्ट होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंचते हैं। व्यापारियों के अनुसार सड़क पर पानी भरे होने से यात्रियों को करीब एक किलोमीटर पहले ही वाहन खड़े कर पैदल स्टेशन तक जाना पड़ रहा है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चों और राहगीरों को भी जलभराव के बीच से गुजरने में मुश्किल हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन लोगों के लिए इस मार्ग से गुजरना मजबूरी है, वे जोखिम उठाकर किसी तरह आवागमन कर रहे हैं।

NHAI ने शुरू कराया नाला खोदने का काम….

व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना पर नेशनल हाईवे-124डी के लाइजनिंग इंचार्ज संदीप कुशवाह मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत कर जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पोकलेन मशीन मौके पर पहुंच गई है और बाजार में जलनिकासी के लिए नाला खोदने का काम कराया जाएगा।

बताया गया कि सड़क के दोनों ओर रोड से करीब आठ मीटर की दूरी पर नाला खोदकर पानी की निकासी की जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने की बात कही गई। हालांकि सड़क निर्माण के बजट को लेकर पूछे जाने पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

व्यापारियों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी…

व्यापारियों ने कहा कि अब उन्हें केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि सड़क और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था चाहिए। उनका आरोप है कि पहले भी समस्या को लेकर कार्रवाई के नाम पर सड़क पर पत्थर डलवाकर रोलर चला दिया गया, लेकिन काम पूरा नहीं कराया गया। कुछ ही समय बाद सड़क की स्थिति फिर खराब हो गई और जलभराव की समस्या दोबारा सामने आ गई।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस बार सड़क निर्माण का काम पूरा नहीं कराया गया तो पूरा व्यापार मंडल आंदोलन तेज करने के साथ भूख हड़ताल करने को मजबूर होगा। स्थानीय स्तर पर इस समस्या को समाजसेवी डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव ने भी कुछ माह पहले प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए सड़क पर पत्थर डलवाए और रोलर भी चलवाया था, लेकिन काम अधूरा रह जाने से समस्या फिर उत्पन्न हो गई।

मंगलवार को डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों के साथ खड़े नजर आए। प्रदर्शन में गुड्डू जायसवाल, सुनील चौहान, कौटिल्य यादव, मंगल यादव, संजय बरनवाल, अजीत यादव, रवि जायसवाल, उमेश प्रजापति, श्रीराम प्रजापति, संजय मिस्त्री, विक्की सिंह, उपेंद्र मौर्य, संजय वर्मा सहित सैकड़ों दुकानदार मौजूद रहे।

व्यापारियों की मांग है कि नाले का निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था तत्काल पूरी कर सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि बाजार में कारोबार के साथ-साथ आम लोगों और रेलवे यात्रियों का आवागमन भी सुचारु हो सके।