कासिमाबाद पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को अवैध असलहे के साथ किया गिरफ्तार

An image for the post

गाजीपुर। कासिमाबाद पुलिस ने अपराध एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपी थाना कासिमाबाद में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद राजेश कुमार त्रिपाठी और चौकी प्रभारी बहादुरगंज उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे पुलिस टीम के साथ नसरतपुर/नसरुद्दीनपुर, थाना बरेसर सीमा के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आजाद राजभर उर्फ गूड्डू के पास से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस तथा रोहित राय उर्फ आदित्य राय के पास से भी एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी थाना कासिमाबाद में दर्ज मुकदमे में वांछित थे। दोनों की गिरफ्तारी 24 अगस्त को ग्राम नसरतपुर के पास से की गई। पुलिस के मुताबिक, आजाद राजभर के खिलाफ गाजीपुर और बलिया के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रोहित राय के खिलाफ भी गाजीपुर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी मय हमराह तथा चौकी प्रभारी बहादुरगंज उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे मय हमराह थाना कासिमाबाद शामिल रहे।