कासिमाबाद में 25-25 हजार के तीन इनामी गिरफ्तार

An image for the post

गाजीपुर। कासिमाबाद पुलिस ने बहादुरगंज में दुकानदार पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार/अभिरक्षा में लिया है। इनमें दो बालिग आरोपी अतुल कुमार और कृष्णा साहनी तथा एक 17 वर्षीय बाल अपचारी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को बहादुरगंज निवासी सुमित शर्मा अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। कुछ देर बाद दोबारा फायरिंग कर दहशत फैलाने और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

मामले में कासिमाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे और पुलिस टीम ने ईदगाह बहादुरगंज के पास से अतुल कुमार, कृष्णा साहनी और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों को थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कृष्णा साहनी के खिलाफ मऊ जनपद के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।