गाज़ीपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के दौरान 12 विद्यालयों के वाहनों की जांच की गई।
मानकों का पालन नहीं करने वाले 24 वाहनों का चालान करते हुए कुल 3 लाख 12 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। वहीं गंभीर अनियमितताओं पर 4 स्कूली वाहनों को सीज किया गया। अधिकारियों के अनुसार सीज किया गया एक वाहन 25 वर्ष पुराना था।
अभियान के दौरान स्कूल वाहन चालकों के सत्यापन और उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में एक घंटे से अधिक समय न लगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
