गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के विन्दू होटल पर 14 दिसंबर 2023 को हुए हमले के मामले में पुलिस ने कटरा गैंग के संचालकों समेत 15 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने वादी आलोक राय की तहरीर पर हत्या के प्रयास, लूट, तोड़फोड़, धमकी और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। तहरीर के मुताबिक आरोप है कि आरोपितों ने होटल के मुख्य गेट को तोड़कर ईंट-पत्थर और लोहे की रॉड से होटल में खड़ी गाड़ियों, स्वागत कक्ष के शीशे, खिड़कियों और अन्य सामान में तोड़फोड़ की। कैश काउंटर तोड़कर करीब एक लाख रुपये लूटने और लगभग साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी आरोप है कि हमलावरों ने असलहों से फायरिंग की और वादी के बेटे विनीत कुमार राय समेत अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया। पुलिस के अनुसार मामले में शंकर पांडेय, सत्यप्रकाश उर्फ मुन्नी पांडेय, सुमित पांडेय उर्फ टुन्नी समेत कुल 15 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विन्दू होटल पर हमले के मामले में 15 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
