सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ पूरा सत्यदेव परिवार

An image for the post

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के तत्वावधान में शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, कठवामोड़ से हुआ। तिरंगा यात्रा में ग्रुप की विभिन्न संस्थाओं के प्रबंधक, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और हजारों विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘हर घर तिरंगा’ के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रबंध निदेशक डॉ. सानंद सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारे शहीदों की शहादत और देशवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया जा रहा है। ट्रस्टी सावित्री सिंह ने कहा कि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा लहराना देश के वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सत्यदेव ग्रुप इस संकल्प के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। मुख्य प्रबंधक डॉ. आनंद सिंह ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवा ही कल के भारत का निर्माण करेंगे और विद्यार्थियों के जोश पर पूरे सत्यदेव परिवार को गर्व है। प्रबंध निदेशिका डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि सत्यदेव परिवार शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रसेवा को भी अपना दायित्व मानता है। तिरंगा हमें एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देता है। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा का समापन राष्ट्रगान और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ हुआ।

इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, रेजिडेंट डायरेक्टर अमित रघुवंशी, कठवामोड़ चौकी प्रभारी सुनील सिंह, तेज प्रताप, इंजीनियर सुनील कुमार यादव, राजकुमार त्यागी, चंद्रसेन तिवारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।