गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज के तत्वावधान में ‘चेतना-प्रवाह’ कार्यक्रम के तहत जंगीपुर स्थित राजेश वर्मा के आवास पर सोमवार की देर रात तक कवि-सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य शरद शर्मा ने की, जबकि संचालन विद्युत प्रकाश ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संजय पाण्डेय की सरस्वती वंदना से हुआ। कवि-सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को देशभक्ति, प्रेम, सामाजिक सरोकार और समसामयिक समस्याओं से रूबरू कराया। युवा शायर गोपाल गौरव ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। हण्टर गाजीपुरी ने अपनी शायरी से श्रोताओं का मनोरंजन किया। वरिष्ठ शायर कुमार नागेश ने अपनी रचना के माध्यम से सार्थक संदेश दिया। बादशाह राही ने बढ़ती महंगाई पर व्यंग्य करते हुए श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। वहीं व्यंग्यकार आशुतोष श्रीवास्तव ने भ्रष्टाचार पर करारा व्यंग्य कर खूब तालियां बटोरीं। वरिष्ठ कवि सुदर्शन कुशवाहा ‘चिराग’ की रचना ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। साहित्य चेतना समाज के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व और देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को समर्पित काव्य-पाठ किया। इसके अलावा डॉ. शशांक शेखर पाण्डेय, मनोज यादव ‘बेफ्रिक’, दिनेश चन्द्र शर्मा और डॉ. अरविन्द शाह ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को प्रभावित किया। कार्यक्रम में साहित्य चेतना समाज के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी, लालजी गुप्ता, अजय तिवारी, गंगा विशुन यादव, अर्जुन सेठ, उमेश वर्मा, राजेश गुप्ता, रामजी वर्मा, गणेश जायसवाल, राजेश वर्मा, मनीष गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन राजेश वर्मा ने किया।
देर रात तक गूंजती रहीं कविताएं, कवियों ने देशभक्ति, महंगाई और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
