सादात में एनसीसी भर्ती परीक्षा सम्पन्न, 76 कैडेट चयनित, 48 छात्राओं ने बनाई जगह

An image for the post

सादात (गाजीपुर)। 89 यूपी बटालियन एनसीसी, बीएचयू वाराणसी की ओर से मंगलवार को सादात स्थित बापू इंटर कॉलेज और समता इंटर कॉलेज में एनसीसी कैडेटों की भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद दोनों विद्यालयों से कुल 76 कैडेटों का चयन किया गया, जिनमें 48 छात्राएं शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया 89 यूपी बटालियन, बीएचयू के लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभ्यर्थियों को लंबाई, वजन, दौड़ और लिखित परीक्षा सहित विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। समता इंटर कॉलेज में 37 सीटों के लिए 120 तथा बापू इंटर कॉलेज में 39 सीटों के लिए 150 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों को एनसीसी कैडेट के रूप में चयनित किया गया। भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने में सूबेदार मेजर उदय सिंह, सूबेदार उस्मान गनी, नायब सूबेदार नंदजी सिंह, बीएचएम विजय सिंह, सीएचएम सौरभ ठाकुर, पंचाराज सिंह, सत्येंद्र सिंह, सेवानिवृत्त कैप्टन सर्वेश सिंह यादव, केयर टेकर बृजेश सिंह, प्रधानाचार्य राजेश सिंह यादव, डॉ. उदयभान सिंह और लेफ्टिनेंट शुभम सिंह सहित कई अधिकारियों और शिक्षकों ने सहयोग किया। इस अवसर पर समता इंटर कॉलेज के प्रबंधक इंजीनियर सभाजीत सिंह यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि एनसीसी शिविर युवाओं को टीमवर्क, आत्मविश्वास और सैन्य प्रशिक्षण का अनुभव प्रदान करते हैं, जो भविष्य में सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके करियर के लिए उपयोगी साबित होता है। वहीं बापू इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुशील कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सेना के कर्तव्यों, प्रशिक्षण और सामरिक दृष्टिकोण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती है और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करती है