मंगई नदी में डूबकर युवक की मौत, अब भाई को मिली सरकारी नौकरी; MLC विशाल सिंह चंचल ने सौंपा नियुक्ति पत्र

An image for the post

गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव में मंगई नदी में डूबने से जान गंवाने वाले रामबाबू के परिवार को सरकार की ओर से राहत दी गई है। मृतक के भाई को सुरक्षा गार्ड की नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा गया। भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने पीड़ित परिवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। घटना 7 अक्टूबर की है। गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान हुए विवाद और बवाल के बाद मची भगदड़ में रामबाबू मंगई नदी में डूब गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। पीड़ित परिवार को इससे पहले सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। अब मृतक के भाई को गाजीपुर स्थित वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षा गार्ड के पद पर नियुक्ति दी गई है। नियुक्ति पत्र मिलने से परिवार को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है।