गाजीपुर में 28 से 31 अक्टूबर तक खराब मौसम का अलर्ट, आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

An image for the post

गाजीपुर। जनपद में 28 से 31 अक्टूबर तक मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बेमौसम भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग लखनऊ से प्राप्त सूचना के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इसे देखते हुए जनपद के लिए अलर्ट जारी किया गया है। जारी चेतावनी के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर तक मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 29 से 31 अक्टूबर तक व्यापक भारी वर्षा होने की संभावना है। तेज हवाओं की गति 40 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकेदार हवाओं की गति 30 से 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का पूर्वानुमान संदेश में दिया गया है। इसके साथ ही तापमान में अचानक 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की आशंका जताई गई है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए लोगों से लगातार आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने और सुरक्षित भवनों में रहने की अपील की गई है। आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। लोगों को खेतों और खुले मैदानों में रुकने तथा नदियों, नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने से बचने को कहा गया है। बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल फोन चार्ज करने और विद्युत उपकरणों के अनावश्यक उपयोग से बचने की भी सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। आकाशीय बिजली से संबंधित जानकारी के लिए दामिनी एप और आपदा संबंधी चेतावनियों के लिए सचेत एप का उपयोग करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन स्थिति में 112, 1077 और 1070 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। लोगों से इस चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई है।