गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को जिले में सुबह 8 बजे से मतदान हुआ। चुनाव को लेकर सपा, भाजपा समेत अन्य प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। इस बीच सदर विधायक जैकिशन साहू ने भी मतदान किया। मनिहारी क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे सदर विधायक ने सपा प्रत्याशियों की रिकॉर्ड जीत की उम्मीद जताई।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को जनपद में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पूरे दिन भ्रमणशील रहकर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिटी इंटर कॉलेज गाजीपुर, हनुमान सिंह इंटर कॉलेज देवकली, विकास खंड जखनियां, नेशनल इंटर कॉलेज कासिमाबाद तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जमानियां सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान वेबकास्टिंग, विद्युत, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ मतदान कराने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे तक वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 21,926 मत पड़े, जो कुल मतदाताओं का 43.61 प्रतिशत रहा। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,306 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 69.52 दर्ज किया गया। जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।
