जंगीपुर (गाजीपुर)। नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर छह स्थित सरस्वती नगर के एक विद्यालय में बिजली का करंट लगने से कक्षा तीन के सात वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर छह निवासी दिलीप गुप्ता का सात वर्षीय पुत्र उत्कर्ष गुप्ता मंगलवार सुबह करीब आठ बजे परीक्षा देने विद्यालय पहुंचा था। परीक्षा और प्रार्थना शुरू होने से पहले वह अन्य बच्चों के साथ विद्यालय परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 8:20 बजे एक बच्चे ने परिजनों को सूचना दी कि उत्कर्ष को बिजली का करंट लग गया है और उसे गाजीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उत्कर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन अदिति भी है। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज गुप्ता ने बताया कि वह जरूरी काम से कार द्वारा पटना जा रहे थे, तभी उन्हें घटना की सूचना मिली। उन्होंने बच्चे को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जिला अस्पताल भेजवाने की बात कही। प्रधानाचार्य के अनुसार, रात में बंदरों के कारण बिजली का तार टूटकर गिर गया था। यह तार विद्यालय की चहारदीवारी के ऊपर लगाया गया था। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल में करंट लगने से कक्षा तीन के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
