आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कराया

An image for the post

जंगीपुर, गाज़ीपुर। दुकान में घुसकर व्यापारी के साथ मारपीट कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार में जुलूस निकालकर दुकानें बंद कराईं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जंगीपुर थाने पहुंच गए। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू की। नगर के वार्ड नंबर 11 गांधी नगर निवासी महेश गुप्ता मंसूरी कटरा में किराने की आढ़त की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को दुकान के पीछे ट्रक से किराने का माल उतारकर गोदाम में रखा जा रहा था। इसी दौरान तारनपुर गांव निवासी कुछ लोग एक बाइक से वहां पहुंचे और ट्रक को साइड करने को लेकर चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि उन तीनों ने पहले ट्रक चालक के साथ मारपीट की और इसके बाद महेश गुप्ता की दुकान में घुसकर उनके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुट गए। व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित व्यापारी से माफी की मांग को लेकर जुलूस निकाला। मंडी समिति होते हुए पूरे बाजार में व्यापारियों ने दुकानें बंद कराईं और थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति को लेकर व्यापारियों में नाराजगी भी दिखी और उन्होंने नारेबाजी करते हुए पुलिस अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। और पीड़ित व्यापारी की तहरीर लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।