डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण, बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया उत्साह

An image for the post

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बाराचवर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए वृहद मरम्मत के लिए निदेशालय को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्यालय में कुल नामांकित छात्राओं के सापेक्ष 53 छात्राएं उपस्थित मिलीं। जिलाधिकारी ने वार्डन के प्रति नाराजगी जताते हुए छात्राओं को समय से मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खराब पंखों को तत्काल दुरुस्त कराने को भी कहा।

छात्राओं के साथ खेला बैडमिंटन…

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने एसडीएम मुहम्मदाबाद को क्षेत्र पंचायत अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से विद्यालय परिसर में बैडमिंटन कोर्ट बनवाने के निर्देश दिए। छात्राओं द्वारा खो-खो कोर्ट बनवाने का अनुरोध किए जाने पर भी उन्होंने सहमति प्रदान की।

छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम से छात्राओं की आंखों की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही डीबीटी का भुगतान शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर आवासीय सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं और पर्याप्त खेलकूद सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने छात्राओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।