गाजीपुर। दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह हावड़ा से प्रयागराज जा रही 13047 अप विभूति एक्सप्रेस के जनरल कोच के एक पहिए में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या के चलते धुआं निकलने लगा। पहिए से धुआं उठता देखकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने सावधानी बरतते हुए ट्रेन को दिलदारनगर स्टेशन पहुंचाया, जहां रेल कर्मचारियों ने जांच के बाद खराबी को दूर किया।
विभूति एक्सप्रेस सुबह करीब 7:19 बजे दिलदारनगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची। सूचना मिलने के बाद स्टेशन के पोर्टर, गार्ड, चालक और आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे। रेल कर्मचारियों ने संबंधित पहिए की जांच की तो उसमें ब्रेक बाइंडिंग की समस्या सामने आई। टीम ने तत्काल मरम्मत कर खराबी को ठीक किया। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद सुबह करीब 7:39 बजे विभूति एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
इसके बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य रहा। बताया गया कि भदौरा स्टेशन के पास किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी थी, जिसके कारण ट्रेन कुछ देर रुकी थी। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी तो जनरल कोच के एक पहिए में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई और धुआं निकलने लगा। यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि संबंधित पहिए की जांच कर आवश्यक मरम्मत कर दी गई थी। इसके बाद ट्रेन को करीब 20 मिनट बाद दिलदारनगर स्टेशन से आगे रवाना कर दिया गया और परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
