नहर में नहाते समय दो भाइयों की मौत

An image for the post

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के कनुआन गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुरैनी नहर में नहाते समय दो सगे भाइयों किशन कनौजिया (14) और शिवराज कनौजिया (13) की डूबने से मौत हो गई। दोनों जगत राम कनौजिया के पुत्र थे।

यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। तीनों भाई नहर में नहा रहे थे, तभी किशन और शिवराज गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ नहा रहा छोटा भाई अनंत कनौजिया (9) किसी तरह नहर से बाहर निकल आया। उसने रोते हुए घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने नहर से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले।

शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के पिता जग्गू उर्फ जगत राम कनौजिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बेटे और दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी की शादी अभी बाकी है। घटना के बाद मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। किशन और शिवराज दोनों जखनिया के माता कुसुम देवी इंटर कॉलेज के छात्र थे, जो क्रमशः कक्षा 6 और 7 में पढ़ते थे। घटना की सूचना मिलते ही शादियाबाद और भुरकुंडा पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया पहुंच गई।