गाजीपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को थाना कासिमाबाद और थाना नोनहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी इमरान उर्फ भोंदू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी कासिमाबाद भेजा गया। पुलिस के अनुसार, कासिमाबाद थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ बेद बिहारी पोखरा के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक मोड़कर अटवा मोड़ की ओर भागने लगा। इसकी सूचना तत्काल थाना नोनहरा पुलिस को दी गई। भागते हुए आरोपी कागजीपुर गांव की ओर पहुंचा, जहां सड़क के तीव्र मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान इमरान उर्फ भोंदू (22) पुत्र इरसाद, निवासी भटोली, थाना नोनहरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इमरान उर्फ भोंदू के खिलाफ गाजीपुर और बलिया के विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को थाना कासिमाबाद के प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी और थाना नोनहरा के थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़: कुख्यात बदमाश के पैर में लगी गोली, तमंचा और बाइक बरामद
