दादर एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

An image for the post

गाज़ीपुर। सादात रेलवे स्टेशन यार्ड के दक्षिण तरफ किलोमीटर संख्या 108 के पास बुधवार दोपहर दादर एक्सप्रेस (डाउन) की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान नगर पंचायत सादात के वार्ड नंबर दो निवासी पंकज कुमार की पत्नी साधना देवी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है। ट्रेन सादात स्टेशन पर रुकी तो चालक ने हादसे की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। मेमो मिलने पर सादात पुलिस और औड़िहार आरपीएफ को जानकारी दी गई। घटनास्थल सैदपुर थाना क्षेत्र में होने के कारण सैदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साधना देवी के पति पंकज कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां की मौत से तीन मासूम बच्चों किंजल, प्रांशी और छोटल के सिर से मां का साया उठ गया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा रहा।