एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना जन्माष्टमी पर्व

An image for the post

गाजीपुर। मिरनापुर स्थित एवरग्रीन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक अरुण कुमार सिंह एवं मैनेजर निशा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन तथा भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

नर्सरी से प्राथमिक वर्ग तक के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। इससे विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मटकी फोड़ (दही-हांडी) प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इसके अलावा बच्चों ने नृत्य, भक्ति गीत, नाटक और श्रीकृष्ण के उपदेशों पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए।

प्रधानाचार्य पार्था नंदी ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों, निष्काम कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य मुकेश सिन्हा, को-ऑर्डिनेटर शैलेंद्र राय, जयंत सिंह और स्वप्निल राजन सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।